मंत्री धर्मवीर प्रजापति के पुत्र की कार में मारी टक्कर, जान से मारने की दी धमकी, आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
आगरा में भाजपा मंत्री के बेटे पर हमले का प्रयास किया गया। पहले उनकी कार में टक्कर मारी गई। इसके बाद हथौड़ा निकालकर मारने का प्रयास किया गया। घटना के समय वह अपनी मां के साथ एक कार्यक्रम से घर लौट रहे थे। वह किसी तरह वहां से बचकर निकले। घटना ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र के टेढ़ी बगिया चौराहे के पास की है। यहां बीती रात एक लोडिंग टेंपो चालक ने कारागार एवं होमगार्ड मंत्री धर्मवीर प्रजापति के बेटे चंद्रमोहन प्रजापति की कार में टक्कर मारी। उन्होंने गाड़ी का पीछा करके रोकने की कोशिश की। इस पर गाड़ी में बैठे दो लोग हथौड़ा निकालकर लहराने लगे। उन्होंने बुधवार को थाने में तहरीर दी। बताया कि घटना के समय वह अपनी मां राजकुमारी के साथ हाजीपुर खेड़ा गांव से सेक्टर सात स्थित अपने घर लौट रहे थे। पुलिस मुकदमा दर्ज करके आरोपियों की तलाश कर रही है।