फिर से शुरू होगी आगरा से अहमदाबाद फ्लाइट
आगरा। आगरा से अहमदाबाद के लिए फ्लाइट फिर से शुरू होने वाली है। पर्यटन सीजन के चलते ये निर्णय लिया गया है। वहीं बेंगलुरु की फ्लाइट चार दिन के स्थान पर जनवरी से सातों दिन मिलेगी। इंडिगो कंपनी के एयरपोर्ट प्रबंधक देवराज पांडे ने बताया कि अभी दोनों फ्लाइट को शुरू करने का शेड्यूल तो नहीं आया है, लेकिन नागरिक उड्डयन निदेशालय से जल्द ही नया शेड्यूल आ जाएगा। अभी खेरिया एयरपोर्ट से मुंबई, हैदराबाद और बेंगलुरु की फ्लाइट संचालित हो रही हैं। बेंगलुरु की फ्लाइट में काफी यात्री जाते हैं। ये लगभग हाउसफुल रहती है। यही स्थिति अन्य फ्लाइट की भी है। उन्होंने बताया कि इन दोनों फ्लाइटों के कारण पर्यटन के अलावा व्यापारियों और छात्रों को भी काफी फायदा मिलेगा। वैसे भी इस समय पर्यटन सीजन चल रहा है। इससे पर्यटकों को काफी आसानी रहेगी।